महिला सशक्तिकरण के लिए उर्मिला सुमन द फाउंडेशन करायेगा महिला क्रिकेट टूर्नामेंट

GyanData Samachar

Urmila The Foundation
अम्बेडकरनगर। महिला सशक्तिकरण की तरफ कदम बढ़ाते हुए पूर्व सांसद स्व0 राम पियारे सुमन की तीसरी पुण्य तिथि पर जिले में पहली बार महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन सामाजिक संस्था उर्मिला सुमन द फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। सामाजिक संस्था उर्मिला सुमन द फाउंडेशन द्वारा बीएन इंटर कालेज अकबरपुर के मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में लखनऊ, उत्तराखंड, गोरखपुर व आगरा की टीमें भाग लेंगी। कार्यक्रम की आयोजिका रीता प्रकाश मणिकर्णिका ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आज भी महिला क्रिकेट में लड़कियों की भागीदारी बहुत कम है। उनकी इच्छा है कि आने वाले दिनों में इस जिले की भी लड़कियां क्रिकेट के क्षेत्र में आगे आए। आयोजन का उद्देश्य यह भी है कि उनके कौशल, विकास को नई गति प्रदान हो सके और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिल सके। पूर्व सांसद के पुत्र व संस्था के सचिव राजन सुमन ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से लड़कियों को आगे आने का मौका मिलेगा। उन्होंने लोगो से अपील की कि वे टूर्नामेंट के दौरान अपने परिवार की बच्चियों को लेकर जरूर प्रतिभाग करें जिससे उनके अंदर की प्रतिभा बाहर लायी जा सके। 21 जनवरी को पहले दिन टीम ए में शामिल लखनऊ व टीम सी में शामिल गोरखपुर के मध्य मुकाबला होगा। उसी दिन टीम बी में शामिल उत्तराखंड व टीम डी आगरा के मध्य मैच खेला जाएगा। 22 जनवरी को दूसरे दिन लखनऊ व उत्तराखंड तथा गोरखपुर व आगरा के मध्य मुकाबला होगा। 23 जनवरी को मैच का फाइनल होगा। 
संस्था और सुमन परिवार का मानना है कि जिले की महिलाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है कबड्डी खो-खो बैडमिंटन चेस दौड़ आदि खेल में जिले की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा को समाज के सामने प्रस्तुत किया है जरूरत है कि जिले से भी एक सशक्त महिला क्रिकेट टीम बने और अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करें।

एक टिप्पणी भेजें