अम्बेडकरनगर। जिला मुख्यालय के अकबरपुर बस स्टाफ के पास यातायात ड्यूटी में तैनात दो जवान आपस में एक दूसरे से हाथापाई करते देखे गए। हालांकि इनके लड़ने की वजह साफ तो नहीं हो पाई, लेकिन जिस अंदाज में होमगार्ड के ये दोनों जवान एक दूसरे का मारने पीटने पर आमादा थे, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मामला पैसे के बंटवारे को लेकर ही इनके बीच विवाद बढ़ा और हालत मारपीट तक पहुंच गई।
बता दें कि दोनों जवान जिस समय झगड़ा कर रहे थे, उसी समय वहां खड़े किसी राहगीर ने उनकी लड़ाई का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जिसमें दो वर्दीधारी आपस में हाथापाई कर रहे थे जबकि मौके पर खड़ा एक वर्दीधारी तमाशाबीन बना हुआ था। दोनों वर्दीधारी इस कदर लड़ने में मशगूल थे कि इनकी टोपी जमीन पर गिरी है और बेपरवाह वर्दीधारी उसको भी पैरों तले रौंद रहे है। पहले तो इन जवानों की नजर वीडियो बनाने पर नहीं पड़ी, लेकिन जब देखा कि कोई वीडियो बना रहा है तो दोनों ने अपना झगड़ा तुरन्त रोककर अलग हो गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस अधिकारी और होमगार्ड विभाग के जिला होमगार्ड कमाण्डेन्ट घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की। इस मामले में सीओ सिटी ने बताया कि दोनों होमगार्डों को निलंबित कर दिया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि दोनों के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद नहीं हुआ था, जबकि होमगार्ड कमाण्डेन्ट ने बताया कि दोनों होमगार्डों को ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
