अम्बेडकरनगर, 27 नवंबर 2024:
एक दिवसीय जनपदीय दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को संभल कांड और कटेहरी उपचुनाव को लेकर सूबे की सरकार, प्रशासन और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला।
अखिलेश यादव ने सबसे पहले आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त की पुत्री के विवाह कार्यक्रम में शिरकत की और इसके बाद टांडा तहसील क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव में पूर्व एमएलसी अजय कुमार उर्फ विशाल वर्मा के आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
संभल कांड पर हमला
अखिलेश यादव ने संभल कांड का जिक्र करते हुए कहा कि वह भाजपा के लोग कौन थे जो सर्वे के नाम पर नारे लगा रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार और प्रशासन ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की? उन्होंने आगे कहा कि संभल में पुलिस की गोली से एक व्यक्ति की जान गई, लेकिन डॉक्टरों पर दबाव डालकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि संभल का प्रशासन पूरी तरह से सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और वहां के लोगों पर अन्याय हो रहा है।
कटेहरी उपचुनाव पर तंज
अखिलेश यादव ने कटेहरी उपचुनाव पर चुनाव आयोग, भाजपा और अम्बेडकरनगर के डीएम-एसपी पर कटाक्ष किया। उन्होंने सवाल उठाया कि किसने स्कूटी और सिलाई मशीन बांटे थे और ईवीएम में किस तरह से बार-बार बटन दबवाकर चुनाव जीता गया। अखिलेश ने कहा कि डीएम और एसपी को सम्मान मिलना चाहिए, जो चुनाव आयोग या आगामी सरकार द्वारा दिया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पर भी आरोप लगाया कि वह संविधान से नहीं, बल्कि मन से काम करती है और लोकतंत्र में लोग वोट करते हैं, लेकिन भाजपा तंत्र से वोट डलवाती है।
2027 चुनाव पर की बात
अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा को ही नहीं, बल्कि आम जनता को भी अपने अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए खुद को तैयार करना होगा।
इस मौके पर अखिलेश यादव के साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव और अकबरपुर विधायक राम अचल राजभर, सपा के राष्ट्रीय सचिव और टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा, जिलाध्यक्ष जंग बहादर यादव, जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू सहित सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने उनका जोरदार स्वागत किया।
- संवाददाता