अंबेडकरनगर। थाना अलीगंज पुलिस ने गौहर अली शाह मस्जिद में हुई दानपात्र चोरी का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी बिलाल अहमद उर्फ फूलबाबू पुत्र कबीर अहमद निवासी हजियापुर ने चोरी की बात कबूल की है। पुलिस ने चोरी किया गया दानपात्र, 265 रुपये और एक बैट्री बरामद कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
दिनांक 25 जनवरी 2025 की रात थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित गौहर अली शाह मस्जिद में रखे दानपात्र की चोरी की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना अलीगंज में मु0अ0सं0 25/25 धारा 331 (2)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर, केशव कुमार के निर्देशन में और श्रीमान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), विशाल पांडेय तथा श्रीमान क्षेत्राधिकारी टांडा, शुभम कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अलीगंज, राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मस्जिद के सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त बिलाल अहमद को मोजनपुर क्रॉसिंग, एनटीपीसी के पास से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त ने किया चोरी की वारदात कबूल
गिरफ्तार अभियुक्त बिलाल अहमद उर्फ फूलबाबू ने पूछताछ में बताया कि वह सुनसान स्थानों से सामान व इनवर्टर बैट्री चुराकर बेच देता है और इस पैसे का उपयोग खाने-पीने में खर्च करता है। उसने यह भी कबूला कि दानपात्र को बेचने के लिए आसोपुर भट्टे के पास एक झोपड़ी में छिपाकर रखा था।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त बिलाल अहमद उर्फ फूलबाबू पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें प्रमुख रूप से:
- मु0अ0सं0 25/25 धारा 331 (2)/305 बीएनएस थाना अलीगंज, अंबेडकरनगर
- मु0अ0सं0 154/13 धारा 379/411 भादवि थाना अलीगंज, अंबेडकरनगर
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- उ0नि0 गोविंद नारायण मिश्रा (थाना अलीगंज)
- हे0का0 राजेश यादव (थाना अलीगंज)
- हे0का0 अमरजीत यादव (थाना अलीगंज)
पुलिस ने दी चेतावनी, चोरी व अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
थानाध्यक्ष अलीगंज, राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनपद में चोरी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा।
अंबेडकरनगर पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
