अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।
उपायुक्त उद्योग ने बैठक में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत बेरोजगार युवाओं को 5 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 4 वर्षों तक शत-प्रतिशत ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाता है। इसके अलावा, परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 700 लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें अब तक 1,930 युवाओं ने आवेदन किया है। बैंकों द्वारा 443 आवेदनों को स्वीकृति दी गई, जिससे जनपद प्रदेश में द्वितीय स्थान पर है। हालांकि, अब तक केवल 132 लाभार्थियों को ही ऋण वितरित किया जा सका है।
इस पर जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए एलडीएम को निर्देश दिया कि जिन बैंक शाखाओं में स्वीकृत आवेदनों की प्रगति धीमी है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए और उनकी नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही, ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर संबंधित विभागों और बैंकर्स को स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए पंपलेट वितरण, गांवों में शिविर लगाने और युवाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर है और उन्हें इस योजना का लाभ उठाना चाहिए।
