बाल रचनात्मकता शिविर के दूसरे दिन जोर-शोर से चली गतिविधियाँ

बाल रचनात्मकता शिविर के दूसरे दिन जोर-शोर से चली गतिविधियाँ
GyanData Samachar
Activities-continued-in-full-swing-on-the-second-day-of-Bal-Creativity-Camp


 बारिश भी नहीं रोक सकी बच्चों का उत्साह, 

सिंघलपट्टी, आलापुर (अंबेडकर नगर)। नौजवान भारत सभा द्वारा जिले के सिंघलपट्टी में आयोजित चार दिवसीय 'बाल रचनात्मकता शिविर' के दूसरे दिन भी बच्चों का उत्साह मौसम पर भारी पड़ा। तेज बारिश के बावजूद बच्चों ने रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दिनभर शिविर परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा।

दिन की शुरुआत सामूहिक शिक्षा से हुई, जिसमें बच्चों को सामूहिकता में कार्य करने और मानसिक व शारीरिक श्रम को समान महत्व देने की प्रेरणा दी गई। इसके उपरांत बच्चों ने टोलियाँ बनाकर सफाई अभियान चलाया और अपने तरीके से शिविर हॉल को सजाया

इसके बाद बच्चों को व्यायाम सिखाया गया जिससे उनमें शारीरिक सक्रियता और अनुशासन की भावना विकसित हुई। नौजवान भारत सभा के कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को क्राफ्टिंग, ओरिगेमी, गीत, और नुक्कड़ नाटक का अभ्यास कराया गया। इन गतिविधियों में बच्चों ने बेहद उत्साह और सृजनात्मकता के साथ भाग लिया।

दिन का एक खास आकर्षण रहा – चार्ली चैप्लिन की प्रसिद्ध फिल्म "द किड" की स्क्रीनिंग। फिल्म के दौरान बच्चों की हँसी और ठहाकों ने हॉल को जीवंत कर दिया और यह क्षण उनके लिए मनोरंजन के साथ-साथ एक सीख बनकर उभरा।

सभा के सक्रिय सदस्य मित्रसेन ने जानकारी दी कि शिविर के तीसरे दिन सुबह 7 बजे से विज्ञान पर आधारित सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से आडंबर और अंधविश्वास की पोल खोली जाएगी।

यह शिविर न केवल बच्चों की छुट्टियों को सार्थक बना रहा है, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना, सृजनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल बन चुका है।

एक टिप्पणी भेजें