नगर पंचायत किछौछा को मिली जेसीबी मशीन व पानी टैंकर

GyanData Samachar
अम्बेडकरनगर । अब किछौछा नगर पंचायत को कचरा उठाने के लिए किराए पर वाहन लेना नहीं पड़ेगा। नगर पंचायत ने खुद एक अदद बड़ी जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर ली है। इसके अलावा पेय जल के लिए एक अदद पानी टैंकर भी खरीद लिया गया है। रविवार को टाउन एरिया कार्यालय पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए हवन-पूजन के बाद यह दोनों वाहन नगर पंचायत की सेवा के लिए औपचारिक रूप से समर्पित हो गए। आमतौर पर कचरा उठाने के लिए नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा को भाड़े पर जेसीबी मशीन लेना पड़ता था। अरसे से पेय जल के लिए एक और पानी टैंकर के लिए भी इलाकाई लोग मांग करते रहे हैं। अक्तूबर माह में इसके लिए बाकायदा टेंडर हुआ था। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नगर पंचायत को एक अदद बड़ी जेसीबी मशीन व एक टैंकर आखिरकार मिल ही गया। रविवार को अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने नगर पंचायत कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन किया। पूजा अर्चना के दौरान ईओ ने जेसीबी और पानी टैंकर पर हल्दी व अन्य सामग्रियों को भी लगाया। इस मौके पर राकेश सिंह, परमेश्वर दत्त पांडेय, राकेश प्रजापति, वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें