एनटीपीसी टांडा में बायोगैस प्लांट का हुआ उद्घाटन

GyanData Samachar
अम्बेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा के आवासीय परिसर में निर्मित बायोगैस प्लांट का उद्घाटन श्री के0एस0 राजीव कार्यकारी निदेशक, टांडा एवं गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती सुमा राजीव द्वारा नारियल तोड़कर एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक श्री राजीव ने कहा कि एनटीपीसी टांडा टाउनशिप को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाये रखने के उद्देश्य से बायोगैस प्लांट का निर्माण किया गया है। इस बायोगैस प्लांट में छः चेम्बर निर्मित हैं और प्रत्येक चेम्बर की क्षमता 500 किग्रा0 की है। उन्होंने कहा कि टाउनशिप तथा यहाॅं के आवासों से कूड़े-कचरे को संकलित करके इस प्लांट का संचालन किया जाएगा। इस प्लांट के माध्यम से उत्सर्जित बायोगैस का उपयोग भोजन आदि बनाने में किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्लांट के निर्माण से रसोई गैस की बचत होगी और हमारे टाउनशिप का पर्यावरण सदैव प्रदूषण मुक्त रहेगा।

बायोगैस प्लांट के निर्माण एवं इसके सफलतापूर्वक प्रचालन से कार्यकारी निदेशक श्री राजीव सहित सभी अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री वी0के0 मिश्र, उप महाप्रबंधक (सिविल) ने उपस्थित जनों को प्लांट प्रचालन की पूरी प्रक्रिया एवं इससे उत्पन्न गैस के उपयोग के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (परियोजना) श्री एन0 नटेसन, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं) श्री पीयूष प्रधान, अपर महाप्रबंधक (मा0सं0) श्री दिलीप कुमार पटेल, अपर महाप्रबन्धक (सिविल) श्री आर0के0गर्ग, वरिष्ठ अधिकारीगण, गरिमा महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती कला नटेसन एवं श्रीमती अपर्णा प्रधान सचिव श्रीमती सुनिता ठाकुर तथा अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें