पंजाब में पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में पसरा मातम

पंजाब में पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में पसरा मातम
GyanData Samachar
A-youth-working-at-a-petrol-pump-in-Punjab-was-shot-dead-mourning-prevails-in-the-village

आलापुर (अंबेडकर नगर)। थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के अंतर्गत कटया जनेसरी गांव निवासी गौतम पुत्र स्व. इन्द्रदेव (उम्र 32 वर्ष) की पंजाब के अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गौतम बीते 20 वर्षों से पंजाब में रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके ऊपर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी, क्योंकि उनके पिता का पहले ही देहांत हो चुका था।

मृतक अमृतसर के माजीठा क्षेत्र के कलेर मांगट गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात्रि लगभग 8 बजे तेल भरने के दौरान हुए विवाद में उन्हें गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी मंदिरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वे बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। अभी 15 दिन पहले ही उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया था। घर में जहां बच्चे के जन्म और छोटे भाई महातम कुमार की आगामी 5 जून को होने वाली शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह था, वहीं अचानक आई इस खबर ने सबकुछ उजाड़ दिया।

मृतक की मां शारदा देवी, जो पहले से वृद्धावस्था से जूझ रही थीं, अब बेटे की मौत के सदमे से बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। मृतक की तीन बेटियां – अपेक्षा (10 वर्ष), कुंजल (5 वर्ष), और अर्तिका (3 वर्ष) अपने पिता को याद कर लगातार रो रही हैं। बताया जा रहा है कि गौतम अगले महीने घर आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही वह काल के गाल में समा गए।

घटना की सूचना पर भारत की क्रांतिकारी मजदूर पार्टी के नेता मित्रसेन यादव, धर्मवीर भारती, बिंद्रेश और शिक्षक ब्रह्मदेव तिवारी ने गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए तथा मृतक की बच्चियों की शिक्षा व परिवार के जीविकोपार्जन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

एक टिप्पणी भेजें