अम्बेडकरनगर। जिले के जनप्रिय पूर्व सांसद स्वर्गीय राम प्यारे सुमन की याद में नगर के बीएन इंटर कालेज में चल रही तीन दिवसीय अखिल भारतीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी लीग चरण का मैच हुआ। पहला मैच उत्तराखंड और लखनऊ के बीच हुआ जिसे लखनऊ ने रोमांचक तरीके से जीता जब कि दूसरा मैच गोरखपुर और आगरा के बीच हुआ। दूसरे दिन की प्रतियोगिता का शुभारंभ टाण्डा की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संजू देवी ने किया। उन्होंने कहा कि उर्मिला सुमन द फाउंडेशन ने लड़कियों को आगे बढ़ने का मंच दिया है जो की तारीफ के काबिल है। कहा कि सरकार भी लड़कियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए लगातार प्रयासरत है।
दूसरे दिन की मुख्य अतिथि श्रीमती संजू देवी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया। ततपश्चात उन्होंने पूर्व सांसद राम प्यारे सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उदघाटन समारोह को टीएन पीजी कालेज टाण्डा के प्राचार्य डॉ रमेश चंद्र पाठक और टाण्डा विधायक प्रतिनिधि श्री श्याम बाबू गुप्त ने भी संबोधित करते हुए कहा कि लड़कियों को ये पूरी प्रतियोगिता प्रेरणा देने का काम करेगी। इसका संदेश बहुत दूर तक जाएगा। इससे पूर्व प्रतियोगिता की आयोजक उर्मिला सुमन द फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती रीता प्रकाश मणिकर्णिका और सचिव श्री राजन सुमन ने अतिथियों का स्वागत किया। फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती रीता प्रकाश मणिकर्णिका ने अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर उनका आभार जताया। इस अवसर पर तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए पहले मैच में लखनऊ ने उत्तराखंड को रोमांचक मुकाबले में हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20ओवर में 104 रन आठ विकेट खोकर बनाये। इसमें गरिमा ने 38 और शिम्पी ने 14 रनों का अहम योगदान दिया। जब कि उत्तराखंड की तरफ से ऋषिका और ज्योति ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी उत्तराखंड की टीम ने भी अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया लेकिन लखनऊ की नपी तुली गेंदबाजी के कारण उत्तराखंड के बल्लेबाज खुलकर हाथ नहीं खोल सके। इस प्रकार चार विकेट खोकर टीम 20 ओवर में 101 रन ही बना सकी। उत्तराखंड की तरफ से आरती और कंचन परिहार ने 30-30 रनों की पारी खेली। लखनऊ की तरफ से अंशू और आकांक्षा ने एक- एक विकेट लिए।
दूसरा मैच गोरखपुर और आगरा के बीच हुआ।पहले बल्लेबाजी करते गोरखपुर ने 20 ओवर में छह विकेट पर 104 रन बनाए। भावना ने 26 रन, शिवप्रिया ने 24 और सीबी यादव ने 10 रन बनाए। आगरा की तरफ से शिरिष्टि ने तीन और दीक्षा और शालू ने एक एक विकेट लिए। जवाब में आगरा ने लक्ष्य 19 .1 ओवर में ही प्राप्त कर लिया छह विकेट पर। नीलम ने नॉटआउट 42, रजनी ने 11 और परिणीता ने 13 बनाये। गोरखपुर की तरफ से भावना ने 3 और सीबी यादव ने दो विकेट लिए। आगरा चार विकेट से जीता।लीग मैच के बाद अंकों के आधार पर मंगलवार को फाइनल उत्तराखंड और गोरखपुर के बीच होगा। अंपायर अनुराग उपाध्याय, शशिभूषण पांडेय और सुधीर चतुर्वेदी रहे।स्कोरर आनंद सिंह और कमेंट्रेटर अजय श्रीवास्तव और विक्रम रहे। इस अवसर पर अनुराग श्रीवास्तव, प्रभात यादव, प्रभाकर वर्मा,अलका सहाय,अर्चना गुप्ता,डॉ विजय शंकर तिवारी, अकबरपुर कोतवाल मनोज पंत व अन्य लोग मौजूद रहे।
