आलापुर। नवगठित नगर पंचायत जहांगीरगंज की प्रथम दलित महिला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता ने अपने पदभार संभालने के साथ ही महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अधिशासी अधिकारी विनय कुमार द्विवेदी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नगर पंचायत में उनका कोई व्यक्तिगत प्रतिनिधि नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में होने वाले सभी विकास कार्यों का निर्णय उनके और नव निर्वाचित सभासदों के माध्यम से ही होगा।
श्रीमती सुनीता ने कहा कि कुछ लोग नगर पंचायत अध्यक्ष का प्रतिनिधि बताकर अवरोध और विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस तरह के भ्रम को समाप्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत के सभी निर्वाचित सभासद उनके प्रतिनिधि हैं और उनके साथ मिलकर ही भविष्य में सभी विकास कार्य किए जाएंगे।
सभासदों ने इस अवसर पर कहा कि नवगठित नगर पंचायत जहांगीरगंज में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी। श्रीमती सुनीता के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जाएगा और सभी कार्य सामूहिक निर्णय से किए जाएंगे।
श्रीमती सुनीता के इस निर्णय को नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने भी सराहा है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने और पारदर्शिता स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
