दुबई में 76वें गणतंत्र दिवस पर भव्य कवि सम्मेलन और मुशायरा का आयोजन

दुबई में 76वें गणतंत्र दिवस पर भव्य कवि सम्मेलन और मुशायरा का आयोजन
GyanData Samachar

 

Grand-kavi-sammelan-and-mushaira-organized-on-76th-republic-day-in-Dubai

अम्बेडकरनगर। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुबई में भारतीय गौरव का प्रतीक बन चुका भव्य "भारतीय गणतंत्र दिवस कवि सम्मेलन और मुशायरा" का आयोजन किया जा रहा है। अम्बेडकर नगर के सै सलाहुद्दीन, जो इस अद्वितीय समारोह के संस्थापक और मुख्य आयोजक हैं, ने बताया कि यह आयोजन दुबई के मूवेनपिक ग्रैंड अल बुस्तान में 24 जनवरी 2025 को होगा।

सै सलाहुद्दीन ने कहा, "यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं भारत माता के सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए इस साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बन रहा हूं। यह समारोह भारत माता की शान में अद्वितीय योगदान है और इसे लाल किले के भव्य गणतंत्र दिवस समारोह की तर्ज पर प्रस्तुत किया जाएगा।"

विश्वस्तरीय कवि और शायर करेंगे भारत माता की शान में काव्यपाठ
समारोह में भारत और विदेशों के कई प्रख्यात साहित्यकार और शायर शामिल होंगे। इनमें प्रोफेसर डॉ. नय्यर जलालपुरी, जौहर कानपुरी, लता हया, शकील आज़मी, पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, शबाना शबनम, पवन आगरी, डॉ. श्वेता सिंह, मास्को से उमा, बर्लिन से डॉ. योजना जैन और हैदर अमन हैदर शामिल हैं।

स्मारिका का विमोचन होगा
इस अवसर पर भारतीय गणतंत्र के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित तीन भाषाओं में प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

संस्थापक मंडल और संरक्षक मंडल की भूमिका
समारोह के संस्थापक मंडल के सदस्य और एआईसीसी सदस्य सै मेराजुद्दीन किछौछवी ने बताया कि यह आयोजन हर साल 26 जनवरी के पहले वृहस्पतिवार को किया जाता है। इस साल कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद डॉ. उदय प्रताप सिंह करेंगे, जबकि संरक्षक मंडल में खुशी खटवानी, पारस शाहदादपुरी, सुरेंद्र सिंह कंधारी, वासु श्राफ और शब्बीर ताहिरी प्रमुख भूमिका निभाएंगे।

23 वर्षों से लगातार हो रहा आयोजन
दुबई में 23 वर्षों से इस समारोह का आयोजन हो रहा है। इसे भारत की साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहर को विदेशी धरती पर प्रचारित करने का गौरवशाली प्रयास माना जाता है।

यह आयोजन भारतीय संस्कृति और गणतंत्र के गौरव को वैश्विक मंच पर पेश करने का एक अनुपम उदाहरण है।

एक टिप्पणी भेजें