अम्बेडकरनगर। तीर्थराज प्रयाग महाकुंभ की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्राधिकारी नगर, देवेंद्र कुमार और उपजिलाधिकारी नगर, अरविन्द त्रिपाठी ने महाकुम्भ प्रयागराज मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भोजन पैकेट वितरित किए। यह वितरण बेवाना बॉर्डर स्थित 161 नंबर एक्सप्रेस वे कट पर किया गया।
विशेष रूप से, मौनी अमावस्या स्नान के अवसर पर, दोनों अधिकारियों ने थाना बेवाना और दोस्तपुर कट पर बॉर्डर बैरियर ड्यूटी रूट डायवर्जन का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं को भोजन के पैकेट प्रदान किए। इसके साथ ही, उन्होंने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जानकर उनकी सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान, श्रद्धालुओं को यात्रा में सावधानी बरतने और आवश्यक दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे बिना किसी परेशानी के महाकुम्भ मेले में पहुंच सकें और अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।
