अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के खेमपट्टी गांव में विद्युत विभाग के लाइनमैन और अवर अभियंता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनबढ़ पिता-पुत्र ने गाली-गलौज करने के साथ मारपीट और गाड़ी पर पथराव किया। इस घटना से विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। विभाग ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप करने की चेतावनी दी है।
क्या है मामला?
खेमपट्टी गांव में एनसीसी कंपनी द्वारा बिजली संबंधी कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के विपिन दूबे पुत्र अजय दूबे और अजय दूबे पुत्र शैलेंद्र दूबे ने जबरदस्ती बिजली के तार को अपनी मर्जी से शिफ्ट कराने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलने पर लाइनमैन वीरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।
जब लाइनमैन ने इसकी सूचना अवर अभियंता (जेई) शहाबुद्दीन अली को दी, तो वह भी मौके पर पहुंचे। लेकिन पिता-पुत्र आक्रोशित होकर जेई पर हमलावर हो गए और जान से मारने का प्रयास किया। जब जेई और लाइनमैन वहां से भागने लगे, तो उनकी चार पहिया वाहन पर भी पथराव किया गया।
पुलिस से कार्रवाई की मांग, सप्लाई बंद करने की चेतावनी
इस घटना के बाद जेई और लाइनमैन ने बसखारी पुलिस को तहरीर दी और सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
विद्युत विभाग के एसडीओ वीरेंद्र शुक्ला ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो मज़बूरन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा।
विद्युत कर्मियों में आक्रोश, आम जनता को हो सकती है परेशानी
विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हमले के खिलाफ आक्रोश जताया है और गिरफ्तारी न होने पर बसखारी क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित करने की चेतावनी दी है। यदि ऐसा हुआ तो आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
