अंबेडकर नगर, 26 फरवरी 2025। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रवण क्षेत्र धाम में एमएलसी डॉ. हरिओम पांडे एवं जिलाधिकारी अविनाश सिंह (IAS) द्वारा भगवान शिव की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुए इस अनावरण समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि श्रवण क्षेत्र धाम को एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गेस्ट हाउस, नया पंचायत घर, पुलिस चौकी, हवन-भंडारे के लिए टीन शेड आदि का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर क्षेत्रीय रोजगार सृजन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अयोध्या धाम आने वाले श्रद्धालु श्रवण क्षेत्र धाम भी अवश्य आएं, इसके लिए व्यापक स्तर पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
श्रवण क्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व
श्रवण क्षेत्र धाम तीन नदियों - तमसा, विसुही और मडहा के पौराणिक संगम स्थल पर स्थित है। यह स्थान श्रवण कुमार की तपोस्थली के रूप में विख्यात है और हिंदू समाज में इसका गहरा आध्यात्मिक महत्व है। पुराणों में भी इस स्थान का उल्लेख मिलता है, जिससे यह धार्मिक आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
भगवान श्री राम की प्रतिमा का हुआ था अनावरण
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2024 को जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा श्रवण क्षेत्र धाम में भगवान श्रीराम की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया था।
अनावरण समारोह में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी अकबरपुर अरविंद कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार अकबरपुर, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी/जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम सिंह, बीडीओ कटेहरी जगन्नाथ चौधरी, सेक्रेटरी अनिल सिंह, नगर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय, सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रवण क्षेत्र धाम में भगवान शिव की प्रतिमा के अनावरण से श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर है, और यह स्थल अब एक आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
