महरुआ थाना क्षेत्र में सड़े-गले शव से सनसनी, पुलिस ने जांच शुरू की

महरुआ थाना क्षेत्र में सड़े-गले शव से सनसनी, पुलिस ने जांच शुरू की
GyanData Samachar

 

Sensation-due-to-rotten-dead-body-in-Mahrua-police-station-area-police-started-investigation

अंबेडकर नगर। महरुआ थाना क्षेत्र के गोमती पब्लिक स्कूल मोड़ के पास रविवार शाम को एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर-अकबरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के पास स्थित एक पुराने, बंद मकान में शव लगभग 5 दिनों से पड़ा था। यह मकान बुधराम प्रजापति स्वर्गीय का था, जिसमें आगे के कुछ कमरों में दरवाजे लगे थे, लेकिन वे सड़ चुके थे, जबकि पीछे के हिस्से में कमरा खुला हुआ था।

बीते कई दिनों से शव सड़ने की वजह से आसपास के इलाके में दुर्गंध फैलने लगी, जिसके कारण कुछ स्थानीय लोगों ने इसकी खोजबीन शुरू की। जब लोगों ने पीछे के कमरे में जाकर देखा, तो वहां 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला, जो पूरी तरह सड़ चुका था।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों ने तुरंत महरुआ थाना पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना प्रभारी दिनेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम में उप निरीक्षक शैलेंद्र द्विवेदी, अर्जुन कुमार, प्रकाश सिंह, सुधीर कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल धीरज दीवान, आरक्षी अश्विनी यादव और अरुण वर्मा शामिल थे।

पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद भीड़ और आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन चेहरा बुरी तरह सड़ जाने के कारण कोई भी उसकी पहचान नहीं कर सका

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराते हुए पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भिजवा दिया। खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गुमशुदा लोगों की रिपोर्ट के आधार पर शव की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि शव किसी बाहरी व्यक्ति का हो सकता है, जिसे संभवतः हत्या कर यहां फेंका गया है।

महरुआ थाना पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें