आलापुर (अंबेडकर नगर): जिस घर में शहनाई बजने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। शादी से पहले ही बेटी की अर्थी उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर के ग्राम नथमलपुर हेठरिया निवासी संजना विश्वकर्मा (19), जो इंटर की छात्रा थी और परीक्षा दे रही थी, ने अपने ही घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी 10 मई को तय थी और मंगनी की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
मृतका ने अपने दो पेपर दिए थे, जो सही नहीं हुए थे, जिससे वह काफी चिंतित थी। इसी तनाव में 28 फरवरी 2025 को दोपहर में उसने पंखे से फांसी लगा ली। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था, छोटी बहन ईशा स्कूल गई हुई थी और माता-पिता शादी की तैयारियों में व्यस्त थे।
यह घटना सिर्फ एक परिवार ही नहीं, पूरे गांव के लिए अश्रुओं और वेदना से भरी एक त्रासदी बन गई है।
