शादी की तैयारियों के बीच उठी बेटी की अर्थी, घर में छाया मातम

शादी की तैयारियों के बीच उठी बेटी की अर्थी, घर में छाया मातम
GyanData Samachar
Daughter's-funeral-procession-was-taken-out-amidst-wedding-preparations-mourning-prevailed-in-the-house

आलापुर (अंबेडकर नगर): जिस घर में शहनाई बजने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। शादी से पहले ही बेटी की अर्थी उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर के ग्राम नथमलपुर हेठरिया निवासी संजना विश्वकर्मा (19), जो इंटर की छात्रा थी और परीक्षा दे रही थी, ने अपने ही घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी 10 मई को तय थी और मंगनी की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

मृतका ने अपने दो पेपर दिए थे, जो सही नहीं हुए थे, जिससे वह काफी चिंतित थी। इसी तनाव में 28 फरवरी 2025 को दोपहर में उसने पंखे से फांसी लगा ली। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था, छोटी बहन ईशा स्कूल गई हुई थी और माता-पिता शादी की तैयारियों में व्यस्त थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संजना के पिता बृजेश विश्वकर्मा और मां सुनीता बेटी की शादी को लेकर उत्साहित थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बेटी के हाथ पीले करने की तैयारी कर रहे हैं, उसकी लाल साड़ी की जगह लाल कफन ओढ़ाना पड़ेगाइकलौता भाई वंश, जो अपनी बहन की शादी के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था, उसी बहन की अर्थी को कंधा देने के लिए मजबूर हो गया

गांव में पसरा सन्नाटा
इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार सदमे में है और मां सुनीता की बिलखती आवाज हर किसी का कलेजा चीर रही है। वह बार-बार यही पूछ रही है कि "आखिर उनकी खुशियों को किसकी नजर लग गई?"

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है

यह घटना सिर्फ एक परिवार ही नहीं, पूरे गांव के लिए अश्रुओं और वेदना से भरी एक त्रासदी बन गई है।

एक टिप्पणी भेजें