अंबेडकरनगर।जिले में विकास कार्यों की प्रगति और सीएम डैशबोर्ड पर रिपोर्टिंग की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त पात्र एवं वंचित लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल पर अंकित शिकायतों और प्रगति को नियमित रूप से देखें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय रैंकिंग में सुधार के लिए अधिकारी अपेक्षित कदम उठाएं और विकास कार्यों में तेजी लाकर जिले की रैंकिंग को ऊंचा करने में योगदान दें।
निर्माण कार्यों पर विशेष निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कटेहरी समेत जिले में निर्माणाधीन सड़कों और अन्य विकास परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी समेत संबंधित विभागों के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में अधिकारियों से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें और जिले के समग्र विकास में योगदान दें।
