अम्बेडकरनगर। जिले के आलापुर थानाक्षेत्र के राजेसुल्तानपुर अंतर्गत पदुमपुर बाजार में देर शाम एक गैस सिलेंडर लदी गाड़ी ने सड़क किनारे चल रहे एक अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
घायल व्यक्ति की पहचान राम पलट (55 वर्ष) पुत्र रामजगत निवासी शेखपुरा, थाना अतरौलिया, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना को अंजाम देने वाली गाड़ी अवि इंडेन गैस एजेंसी की है, जो ग्राम पंचायत कल्यानपुर अंबारी, थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर में स्थित है। गाड़ी में गैस सिलेंडर लदे हुए थे। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस प्रकार की लापरवाही को रोकने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
