बकाया रुपये मांगने पर ढाबा कर्मी से मारपीट, एफआईआर दर्ज

बकाया रुपये मांगने पर ढाबा कर्मी से मारपीट, एफआईआर दर्ज
GyanData Samachar
Dhaba-worker-beaten-up-for-demanding-outstanding-money-FIR-lodged

अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र में स्थित मंगलम ढाबे पर मंगलवार दोपहर एक कर्मी से बकाया रुपये मांगने पर मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदन गुप्ता पुत्र अमरनाथ, निवासी मोहल्ला मुबारकपुर, थाना कोतवाली टांडा, मंगलम ढाबे पर मजदूरी का कार्य करता है। मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे विपक्षी निवासी ग्राम बलुहवा पोखरा, थाना अलीगंज, ढाबे पर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद जब चंदन गुप्ता ने उससे पूर्व में बकाया ₹1500 तथा उस दिन के खाने का पैसा मांगा, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।

कुछ देर बाद, विपक्षी अपने साथियों के साथ वापस आया और अचानक चंदन पर हमला कर दिया। उन्होंने उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा और सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी और चंदन का मोबाइल फोन तोड़ दिया।

घटना से सहमे पीड़ित ने कोतवाली टांडा में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।

एक टिप्पणी भेजें