उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन का बुलडोजर चला, पीडब्ल्यूडी की जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

https://gyandatasamachar.blogspot.com/2025/05/Atas-perintah-Pengadilan-Tinggi-pemerintah-menjalankan-buldoser-dan-menghapus-pendudukan-ilegal-dari-tan
GyanData Samachar
Atas-perintah-Pengadilan-Tinggi-pemerintah-menjalankan-buldoser-dan-menghapus-pendudukan-ilegal-dari-tanah-milik-PWD.


आलापुर (अम्बेडकरनगर)। उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन ने शनिवार को जहांगीरगंज क्षेत्र के मामपुर में स्थित पीडब्ल्यूडी की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल, पीएसी, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम की निगरानी में बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, श्रीमती रेखा सिंह पत्नी स्वर्गीय अरविन्द सिंह टाटा की भूमि, गाटा संख्या 126 के सामने पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था। माननीय हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों के अनुपालन में अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार के निर्देशन पर यह कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में राधेश्याम यादव, रामफेर यादव एवं शशिकांत दूबे द्वारा किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए थे। कई थानों की पुलिस टीम मौके पर तैनात रही और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

प्रशासनिक अमला मौके पर रहा मौजूद
कार्यवाही के दौरान उपजिलाधिकारी आलापुर सुभाष सिंह, नायब तहसीलदार हुबलाल, राजस्व निरीक्षक दिनेश तिवारी, क्षेत्रीय लेखपाल धर्मेन्द्र वर्मा, क्षेत्राधिकारी आलापुर राम बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर विजय प्रताप तिवारी, थानाध्यक्ष जहांगीरगंज अजय कुमार यादव, थानाध्यक्ष आलापुर राकेश कुमार, थानाध्यक्ष जैतपुर वंदना अग्रहरि, पीडब्ल्यूडी के एई दिलीप वर्मा और जेई व्यास जी के साथ-साथ पीएसी के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।

शांतिपूर्वक संपन्न हुई कार्रवाई
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह पूरी कार्रवाई शांति एवं व्यवस्था के साथ संपन्न हुई। प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में किसी भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें