आलापुर (अम्बेडकरनगर)। विकासखण्ड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम भभौरा स्थित आर.डी. कान्वेंट स्कूल में सावन माह के पावन अवसर पर भव्य महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। इस विशेष अनुष्ठान की अगुवाई स्कूल के प्रबंधक पद्माकर त्रिपाठी के पिता श्री हरिकुमार त्रिपाठी द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे नवग्रह पूजन से हुआ, जिसे आचार्य पवन पाण्डेय काशी एवं अनंतराम पाण्डेय ने वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया। मुख्य यजमान हरिकुमार त्रिपाठी के आह्वान पर श्रद्धालुओं ने सहस्त्रधारा अभिषेक में भाग लिया। इस अवसर पर भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, चंदन, इत्र, केसर, ईक्षुरस, पंचामृत एवं सर्वोषधियों से रुद्राभिषेक कर 1008 बेलपत्रों के साथ 1008 नामों से शिव की आराधना की गई।
आचार्य पवन पाण्डेय ने भगवान शिव का भव्य श्रृंगार कर भक्तों को दिव्य अनुभूति प्रदान की। इस दौरान पूरे परिसर में "हर हर महादेव" के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
स्कूल व्यवस्थापक सूरज पाण्डेय ने बताया कि रुद्राभिषेक जीवन की बाधाओं को दूर करने वाला, मानसिक शांति प्रदान करने वाला तथा परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ाने वाला धार्मिक कृत्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और सावन के इस पावन पर्व पर शिव कृपा की कामना की।
