आलापुर में बिजली संकट पर सपा विधायक त्रिभुवनदत्त गंभीर, दो नए विद्युत उपकेंद्रों की मांग को लेकर भेजा पत्र

https://gyandatasamachar.blogspot.com/2025/07/SP-MLA-Tribhuvan-Dutt-is-serious-about-the-electricity-crisis-in-Alappur-sent-a-letter-demanding-two-new
GyanData Samachar

 

SP-MLA-Tribhuvan-Dutt-is-serious-about-the-electricity-crisis-in-Alappur-sent-a-letter-demanding-two-new-power-substations

आलापुर (अम्बेडकरनगर)। विधानसभा क्षेत्र आलापुर में बिजली की बिगड़ती व्यवस्था और बढ़ती मांग को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व सांसद एवं वर्तमान विधायक त्रिभुवनदत्त ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लखनऊ के अध्यक्ष को पत्र लिखकर तत्काल दो नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण की मांग की है।

विधायक त्रिभुवनदत्त ने पत्र में उल्लेख किया है कि क्षेत्र में विद्युत मांग के अनुपात में आपूर्ति न होने के कारण जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मॉनसून की अस्थिरता के चलते बारिश नहीं हो रही है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की अत्यधिक आवश्यकता है। लेकिन, अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर गर्मी और उमस से आमजन बेहाल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि आलापुर क्षेत्र के ऐनवां और नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में 33/11 केवीए के दो विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इन क्षेत्रों में विद्युत मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है, लेकिन बिजली आपूर्ति प्रणाली पिछड़ी होने के कारण लोड बढ़ते ही फाल्ट और कटौती की समस्या उत्पन्न हो रही है।

विधायक ने चेताया कि यदि समय रहते व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो क्षेत्र में कृषि कार्य से लेकर घरेलू जीवन तक व्यापक संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि इन दोनों उपकेंद्रों का निर्माण शीघ्र शुरू कर उन्हें चालू किया जाए, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार हो और जनता को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें