रैली को हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

रैली को हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
GyanData Samachar

 

Communicable-disease-control-campaign-launched-by-flagging-off-rally

अंबेडकरनगर। संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ल ने डॉ. गणेश कृष्ण जेटली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अकबरपुर से अभियान की शुरुआत की और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 1 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष का अभियान "स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है" थीम पर आधारित है। अभियान के अंतर्गत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, कुष्ठ, डायरिया और दिमागी बुखार जैसी बीमारियों की रोकथाम और त्वरित इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

स्वच्छता और जागरूकता पर विशेष जोर

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

रैली के शुभारंभ से पहले, जिलाधिकारी ने विधायक कटेहरी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। शपथ में व्यक्तिगत स्वच्छता, घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जलभराव रोकने और बीमार व्यक्तियों को शीघ्र सरकारी अस्पताल पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार पर जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार से पीड़ित किसी भी व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाएं और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहु और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें