जहांगीरगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, गांव में दहशत
आलापुर (अंबेडकर नगर)। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मगनपुर महिमापुर गांव में सोमवार देर रात प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि प्रेमिका के घरवालों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर चहोड़ा गांव निवासी आनंद कन्नौजिया (24) पुत्र रविंद्र का मगनपुर महिमापुर की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। सोमवार रात वह चोरी-छिपे प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद परिजनों ने उसे पकड़ लिया और गुस्से में आकर उसकी निर्मम पिटाई शुरू कर दी। पिटाई इतनी गंभीर थी कि आनंद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
आरोप है कि रातभर शव को घर में ही छिपाकर रखा गया और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी गई। मंगलवार सुबह घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने युवक का लहूलुहान शव देखा, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे। दृश्य देखकर गांव में कोहराम मच गया।
सूचना पर सीओ प्रदीप सिंह चंदेल व थानाध्यक्ष अजय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर की तलाशी लेकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या में शामिल संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। लोग दबी जुबान में चर्चा कर रहे हैं, लेकिन खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।
