आलापुर (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत जहांगीरगंज स्थित एसडी मैरिज हॉल में कायस्थ समाज के बैनर तले कायस्थ परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इसमें अंबेडकरनगर सहित संतकबीरनगर, गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, फैजाबाद और गोंडा जिले से बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय शंकर श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अपराजिता सिन्हा, राष्ट्रीय महासचिव रमन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष गोरखपुर अमरेश श्रीवास्तव समेत कई जिम्मेदार पदाधिकारी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत फूल-मालाओं से किया गया। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय शंकर श्रीवास्तव ने विभिन्न जिलों से आए कायस्थों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेसवार्ता में घोषणा की कि 2027 में कायस्थ समाज पार्टी जिले की सभी विधानसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए वक्ताओं ने अपने विचार रखे और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व की सराहना की।
आयोजक एवं पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वालों को धन्यवाद दिया।
