फसल ऋण मोचन योजनान्तर्गत तहसीलो में बॉटे जायेगे ऋण मोचन प्रमाण पत्र
प्रतापगढ़। फसल ऋण मोचन योजना के अन्तर्गत जनपद मुख्यालय के बाद अब तहसील मुख्यालयो पर फसल ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित करने हेतु कैम्पो का आयोजन किया जा रहा है। सर्वप्रथम रानीगंज तहसील मुख्यालय पर दिनांक 12 सितम्बर 2017 को, कुण्डा तहसील में दिनांक 13 सितम्बर 2017 को, लालगंज तहसील में 14 सितम्बर को एवं पट्टी तहसील में 16 सितम्बर 2017 को फसल ऋण मोचन प्रमाण पत्र का वितरण मा0 क्षेत्रीय विधायक एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की अध्यक्षता में वितरित किया जायेगा। सम्बन्धित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को देखरेख में कैम्प का आयोजन किया जायेगा। प्रति तहसील 2000 कृषकों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य विकास अधिकारी श्री राज कमल यादव ने सभी तहसीलों में ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्त किया है। जिसमें भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय, सहायक निबन्धक सहकारी समितियॉ एवं जिला प्रबन्धक बैंक ऑफ बड़ौदा को रानीगंज तहसील, लालगंज तहसील के लिये जिला सूचना अधिकारी, उप कृषि निदेशक एवं जिला समन्वयक बड़ौदा उ0प्र0 ग्रामीण बैंक, तहसील कुण्डा के लिये जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक भारतीय स्टेट बैंक एवं पट्टी तहसील के लिये भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम, जिला उद्यान अधिकारी एवं जिला समन्वयक पंजाब नेशनल बैंक को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।