आलापुर (अंबेडकर नगर)। स्वतंत्रता सेनानी बाबू वसुधा सिंह की धरती से सपा नेता योगेन्द्रनाथ त्रिपाठी की अगुवाई में शनिवार को आलापुर विधानसभा को सुरक्षित से सामान्य श्रेणी में बदलने की मांग को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत राजेसुल्तानपुर में बाबू वसुधा सिंह की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना हुआ, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न दलों और समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान उप जिलाधिकारी आलापुर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया, केंद्रीय विधायी एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन भेजा गया।
योगेन्द्रनाथ त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि आज़ादी के बाद से ही आलापुर विधानसभा क्षेत्र को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है, जबकि जिले की अन्य विधानसभाओं में जनसंख्या का पुनर्गठन कर बदलाव किया गया, परंतु आलापुर के साथ भेदभाव हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने स्वयं की बनाई सीमा का उल्लंघन कर आलापुर को सुरक्षित घोषित कर समानता के अधिकार का हनन किया है।
धरना-प्रदर्शन में उदयराज मिश्रा, बालगोबिंद त्रिपाठी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश पांडेय, भगवान पांडेय, राधेश्याम पांडे, पंकज तिवारी, दिनेश प्रताप सिंह, विवेक सिंह, शशिकांत दूबे, रमेश चन्द्र गुप्ता, सपा नेता सुरेन्द्र नाथ वर्मा, वीरेन्द्र तिवारी, बी के सिंह, रणविजय यादव, राहुल उपाध्याय, अरविन्द सिंह, पवन कुमार द्विवेदी, रणविजय सिंह, सर्वेंद्रवीर विक्रम सिंह, धर्मराज पांडेय, मोहम्मद अकील, मोहम्मद ईशा खान, मोहम्मद आलम, वलीउल्लाह खान, गोपाल सिंह सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
अंत में उप जिलाधिकारी आलापुर क्षेत्राधिकारी के साथ पहुंचे और ज्ञापन प्राप्त किया, जिसे आगे संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान परिवर्तन की मांग को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश देखने को मिला।
